खरीदारी के अलग-अलग मानदंड अपनाते हैं उपभोक्ता
वाशिंगटन, 16 सितम्बर । उपभोक्ता छोटी एवं लंबी छुट्टियों के दौरान खरीदारी के अलग-अलग मानदंड अपनाते हैं। एक नए अध्ययन में यह तथ्य सामने आया है।
दक्षिण कोरिया स्थित संगकुनक्वान विश्वविद्यालय के क्योंघेई किम, चाईनीज विश्वविद्यालय के मेंग झांग और नेशनल यूनिवर्सिटी आफ सिंगापुर के जिपिंग ली ने एक अध्ययन में यह पता लगाने की कोशिश की है कि उपभोक्ता अपनी-अपनी पसंद-नापसंद का निर्धारण कैसे करते हैं।
यह अध्ययन रिपोर्ट 'जर्नल आफ कंज्यूमर रिसर्च' के दिसंबर अंक में प्रकाशित की जाएगी। इस रिपोर्ट के मुताबिक खरीदारी के वक्त उपभोक्ताओं की पसंद-नापसंद को कई कारक प्रभावित करते हैं। इन कारकों में खरीदारी में लगने वाला समय, तय की जाने वाली दूरी और सामाजिक दूरी प्रमुख हैं।
अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि उपभोक्ताओं के लिए दूरी और समय काफी मायने रखता है। वे अपेक्षाकृत नजदीकी स्टोरों में जाना पसंद करते हैं, लेकिन साथ ही यह भी ध्यान रखते हैं खरीदारी करने में कहां, कितना समय लगता है।
हालांकि भविष्य की खरीदारी के लिए उपभोक्ताओं को प्रभावित करने वाला सबसे प्रमुख कारक वस्तुओं का आकर्षण ही होता है।
(आईएएनएस)
|