सूथबीज ने दिल्ली को अंतर्राष्ट्रीय कला की शीर्ष जमात में रखा
लंदन, 25 अगस्त । प्रसिद्ध नीलामकर्ता सूथबीज ने दिल्ली को अंतर्राष्ट्रीय कला बाजार के शीर्ष जमात में न्यूयार्क, पेरिस और लंदन के साथ रखा है।
सूथबीज ने दिल्ली में कलाओं के प्रति जागरुकता लाने और इन्हें खरीदने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने का फैसला किया है। संस्था ने लंदन में आयोजित होने वाले कलाकृतियों की नीलामी में भारतीय कलाप्रमियों को जुटाने की तैयारी के तहत ऐसा करने का निर्णय लिया है।
अगले महीने लंदन में होने वाली कलाकृतियों की नीलामी के लिए कलाप्रेमियों और कला व्यवसायियों में पहले से ही खासा उत्साह है। लंदन नीलामी में सूथबीज ने 223 नए कलाकारों की कलाकृतियों की सीधे नीलामी की घोषणा कर रखी है।
लंदन में ना तो कोई विक्रेता होगा और न ही कोई गैलरी होगी। यहां कलाकृतियां सीधे खरीदारों को उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनकी अनुमानित कीमत 6.5 करोड़ पाउंड से ज्यादा होगी।
सूथबीज का कहना है कि उसके द्वारा आयोजित कलाकृतियों की नीलामी में भारतीय ग्राहकों की संख्या वर्ष 2004 की तुलना में पिछले वर्ष दोगुनी हो गई। इनमें से एक तिहाई ग्राहक बिलकुल नए थे।
सूथबीज में अंतर्राष्ट्रीय समकालीन कला के वरिष्ठ विशेषज्ञ ओलिवर बार्कर ने कहा कि हाल के वर्षो में समकालीन कलाकृतियों में भारतीयों की रुचि काफी बढ़ी है।
(आईएएनएस)
|